ब्यूरो/अमर उजाला, रायवाला/ऋषिकेश।
रायवाला क्षेत्र में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते बुधवार की रात आदमखोर गुलदार ने एक अधेड़ को मार डाला। क्षेत्र में गुलदार अब तक 22 लोगों को मार चुका है। वनकर्मियों ने बृहस्पतिवार को मोतीचूर सूखी नदी से जंगल में करीब 300 मीटर भीतर से उसका शव बरामद किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया कि मृतक शाहिद आलम (50) पुत्र यूनस निवासी ग्राम दोहमनी जिला किशनगज बिहार निवासी है। उनके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।
राजाजी टाइगर रिजर्व की मोतीचूर वन क्षेत्राधिकारी विकास रावत ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह जंगल में लगे कैमरा ट्रैप को निकाला गया। जांच में उसमें बीते बुधवार की रात में एक अधेड़ मोतीचूर सूखी नदी से जंगल के भीतर जाता दिखाई दिया। बताया कि बारिश रुकने के बाद जंगल में अधेड़ की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें कुछ दूरी पहले उसका झोला मिला। करीब तीन सौ मीटर भीतर पहुंचने के बाद उसका शव बरामद हुआ।
वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि अधेड़ की तलाशी ली गई तो उसके जेब से आईडी प्रूफ मिला, जिसके आधार पर उसकी पहचान शाहिद आलम के रूप में हुई। बताया कि शाहिद के दोनों पैरों को गुलदार खा गया। घटना की जानकारी रायवाला पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष महेश जोशी ने बताया कि मृतक परिजनों से संपर्क करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसमें बिहार पुलिस की सहायता ली जा रही है।