थराली। 15 जुलाई को सोल पट्टी क्षेत्र में बादल फटने से यहां का मुख्य मार्ग प्राणमति सहित कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया था। 16 जुलाई से सड़क खोलने के काम में जुटा लोनिवि 11 दिनों में प्राणमति में 50 मीटर सड़क तक नहीं बना पाया है। इससे नाराज ग्रामीण तहसील पहुंचे और एसडीएम से तीन दिनों में सड़क खोलने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि मार्ग न खुलने से गांवों में राशन सहित जरूरी वस्तुओं की दिक्कत हो गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय में सड़क नहीं खोली गई तो लोनिवि कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन करेंगे।
सोल पट्टी के 24 से अधिक गांवों को थराली मुख्यालय से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग प्राणमति में 50 मीटर बह गया था। लोनिवि ने 16 जुलाई को सड़क खोलने का काम शुरू किया, लेकिन यहां चट्टानी भाग होने के चलते 11 दिन में लोनिवि एक इंच भी सड़क नहीं बना पाया। बृहस्पतिवार को तहसील मुख्यालय पहुंचे बुरसोल के ग्राम प्रधान रणजीत सिंह, रतगांव के सुजान सिंह, कोलपुड़ी की कमला देवी, कलम सिंह और सोल विकास समिति के अध्यक्ष हयात सिंह ने बताया कि सड़क नहीं खुलने से सोल पट्टी के गांवों में राशन सहित जरूरी वस्तुओं की दिक्कत हो गई है। एसडीएम रोहित मीणा का कहना है कि पीडब्ल्यूडी को जल्द मार्ग खोलने के निर्देश दिए हैं। दूसरी ओर लोनिवि के सहायक अभियंता सुभाष कुमार ने बताया कि सड़क खोलने के लिए शुक्रवार तक रॉक कटर मशीन पहुंच जाएगी। इसके बाद चट्टान काटकर आवागमन के लिए मार्ग बनाया जाएगा।