ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
दून घाटी विकास प्राधिकरण (साडा) की अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। मंगलवार को साडा की टीम ने अभियान चलाते हुए मांडूवाला और सेलाकुई मे अवैध रूप से बन रह दो भवनों को सील कर दिया।
मांडूवाला में बिना नक्शा पास किए अवैध तरीके से हॉस्टल का निर्माण किया जा रहा था। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे साडा सचिव एसएल सेमवाल और एसडीओ श्याम मोहन शर्मा ने निर्माण संबंधी कागजात मांगे तो भवन स्वामी के पास कोई नक्शा नहीं था। जमीन का लैंडयूज चेंज किए बिना ही निर्माण किया जा रहा था। जिस पर टीम ने भवन को सील कर दिया। वहीं, सेलाकुई में भी कृषि भूमि पर बिना नक्शा पास किए भवन का निर्माण किया जा रहा था। जिस पर टीम ने भवन को सील कर दिया। एसडीओ श्याम मोहन शर्मा ने बताया कि टीम की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अवैध निर्माण करने वाले लोगों को नोटिस भेजे जा रहे हैं।