ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
राज्य स्तरीय बालक-बालिका सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता में बुधवार को बालक अंडर-14 वर्ग के फाइनल में पौड़ी और महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज भिड़ेंगे। वहीं, बालिका अंडर-17 वर्ग के फाइनल में देहरादून और नैनीताल आमने-सामने होगें।
महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में चल रही प्रतियोगिता में मंगलवार को बालक अंडर-14 वर्ग में पिथौरागढ़ और पौड़ी के बीच पहला सेमीफाइनल खेला गया। पहले हाफ में दोनों टीमों ने कई मूव बनाए, लेकिन किसी को भी गोल करने में सफलता नहीं मिली। मध्यांतर के बाद 45वें व 46वें मिनट में पौड़ी के फारवर्ड गौरव ने गोल दागकर टीम को 2-0 की बढ़त दिलाई। 48वें मिनट में रोहित ने गोल दाग पौड़ी को 3-0 से जीत दिला दी। दूसरे सेमीफाइनल में स्पोर्ट्स कॉलेज ने देहरादून को 1-0 से हराया। स्पोर्ट्स कॉलेज के हेमराज ने दूसरे मिनट में गोल दागा। बालिका अंडर-17 वर्ग के पहले सेमीफाइनल में देहरादून ने हरिद्वार को 2-0 से हराया। देहरादून के लिए सपना ने 35वें व 45वें मिनट में गोल किए। दूसरे सेमीफाइन में नैनीताल ने पौड़ी को 2-0 से पराजित किया। नैनीताल के लिए अंकिता ने 10वें व 36वें मिनट में गोल दागे। बालक अंडर-17 वर्ग में नैनीताल ने पौड़ी को 2-0 से शिकस्त दी। विजयी टीम के लिए लक्ष्मण ने 37वें व 43वें मिनट में गोल किए। दूसरे मैच में स्पोर्ट्स कॉलेज ने चंपावत को 3-0 से पराजित किया। स्पोर्ट्स कॉलेज के फैजल अली ने 15वें, यश बिष्ट ने 40वें और वाजिद अली ने 42वें मिनट में गोल किया। तीसरे मैच में पौड़ी ने चंपावत को 2-0 से हराया। शशांक ने 38वें और मुकुल ने 40वें मिनट में गोल किए। अंकों के आधार पर स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।