ब्यूरो/अमर उजाला, रायवाला।
आमदखोर गुलदार के खतरे के मद्देनजर राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क क्षेत्र में बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा में राजाजी प्रशासन और स्थानीय इको विकास समितियों के स्वयंसेवक कांवड़ियों के भेष में तैनात रहेंगे, जोकि कांवडियों को जागरूक करेंगे। मोतीचूर रेंज की तीनों इको विकास समितियों संग राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क के निदेशक सनातन सोनकर ने विभाग के सत्यनारायण गेस्ट हाउस में बैठक की। जिसमें शुक्रवार से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा में शिवभक्तों की सुरक्षा समेत करीब आधा दर्जन प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
निदेशक ने बताया कि कांवड़ यात्रा में व्यवस्थाओं को लेकर इको समिति प्रतीतनगर, खांडगांव और हरिपुरकलां इकाई से सहयोग लिया गया है, जिसके तहत प्रत्येक समिति की ओर से पांच-पांच स्वयंसेवक वनकर्मियों के साथ कांवड़ियों की ड्रेस में तैनात किए जाएंगे। बताया कि स्वयंसेवकों को वॉकी टॉकी से लैस कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी में लगाया जाएगा। इसके अलावा निर्णय लिया गया कि इको पर्यटन के मद्देनजर डांडा चौकी में इको भवन का निर्माण कर इको पार्क के तौर पर विकसित किया जाएगा। बताया कि बाघ दिवस के मौके पर क्षेत्र के विद्यालयों में बाघों पर बनी लघु फिल्म प्रसारित कर बच्चों को सुरक्षा और संरक्षण के लिए जागरूक किया जाएगा।
निदेशक ने बताया कि सत्यनारायण सैक्शन में गौहरीमाफी के गुलदार प्रभावित क्षेत्र में तीन वॉच टावर स्थापित किए जाएंगे। पर्यटन सीजन के समय जंगल सफारी कराने वाली जीप वाहनों का संचालन हरिपुरकलां इको समिति के अधीन किया जाएगा, साथ ही कैंटीन आदि की व्यवस्था भी शुरू की जाएगी। जिससे पर्यटकों से राजस्व अर्जित किया जा सके। उन्होंने बताया कि बाढ़ के खतरे वाले गौहरीमाफी गांव में बाढ़ सुरक्षा कार्य शुरू किए जाएंगे। सत्यनारायण-गौहरीमाफी कच्चे संपर्क मार्ग पर बरसात के मद्देनजर गड्ढों पर पैचवर्क किया जाएगा।