ब्यूरो/अमर उजाला, श्यामपुर।
खदरी क्षेत्र में लोगों को जब खेतों के समीप अचानक चिड़ियों की चहचाहट सुनाई दी तो उनका ध्यान सामने पेड़ पर गया। ग्रामीणों ने देखा कि एक भारी भरकम अजगर चिड़िया के घोंसले के पास पेड़ पर कुंडली मारकर बैठा है। देखते ही देखते मौके पर तमाशबीनों का हुजूम उमड़ पड़ा। लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। काफी मशक्कत के बाद किसी तरह से ग्रामीणों की मदद से वन विभाग के कर्मचारियों ने पहले अजगर को पेड़ से उतारा और इसके बाद उसे स्नेक स्टिक से काबू में किया।
वन बीट अधिकारी शिवराज सिंह ने बताया कि अजगर काफी बड़ा था, जिसका वजन करीब 15 किलो से अधिक था। सांपों को पकड़ने में माहिर कमल ने अजगर को काबू में किया और वन विभाग की टीम ने उसे जंगल में छोड़ दिया । इस मौके पर वन विभाग की टीम में धनीराम बैलवाल, मंगल सिंह, ग्राम प्रधान सरोप सिंह पुंडीर, विनोद जुगलाण आदि मौजूद थे।