ब्यूरो/अमर उजाला, मुनिकीरेती ।
बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से मुनिकीरेती के चौदहबीघा को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग का उपयोग वाहन चालक अवैध पार्किंग के लिए कर रहे हैं, जिससे मार्ग पर आवागमन में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मार्ग के समीप संचालित एक गेस्ट हाउस में रुकने वाले पर्यटकों के वाहन भी इसी मार्ग पर पार्क किए जाते हैं, जिससे अक्सर उन्हें परेशानी पेश आती है। राजमार्ग से चौदहबीघा को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर दिन भर सैकड़ों वाहनों का आवागमन बना रहता है। क्षेत्र में रहने वाले सैकड़ों परिवारों का भी मुख्य मार्ग यही है। सड़क के किनारेे कतारबद्ध वाहनों के खड़े होने से पैदल चलने वाले व वाहनों से निकलने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस मार्ग पर स्थापित एक गेस्ट हाउस संचालक के पास निजी पार्किंग नहीं है, लिहाजा गेस्ट हाउस में ठहरने वाले लोग अपने वाहनों को इसी मार्ग पर पार्क कर देते हैं। मार्ग के दोनों ओर वाहनों के खड़े हो जाने से लोगों को दुपहिया वाहनों को निकालने में भी भारी मशक्कत करनी पड़ती है। यहां पर वाहनों के फंस जाने से हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे खासकर महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अवैध रूप से खड़े होने वाले वाहनों पर न तो नगर निगम प्रशासन और न ही पुलिस प्रशासन हटाने की जहमत उठा पा रहा है।
कोट्स
चौदहबीघा संपर्क मार्ग पर वाहनों की अवैध पार्किंग संज्ञान में नहीं है, यदि ऐसा है तो इसकी शिकायत पुलिस प्रशासन से कर वाहनों को मौके से हटा दिया जाएगा।
- उत्तम सिंह नेगी, सहायक नगर आयुक्त नगर निगम ऋषिकेश।
चौदहबीघा संपर्क मार्ग पर अवैध रूप से खड़े वाहनों को पूर्व में भी कई बार हटाया जा चुका है, अगर अभी भी इस मार्ग पर वाहन पार्क किए जा रहे हैं, तो मौके पर जाकर सभी के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी।
- प्रवीण सिंह कोश्यारी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश।