ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार ने हरियाली कार्यक्रम के तहत दो करोड़ पौधे रोपने का लक्ष्य रखा है। देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के लोगों के जीवन को सुरक्षित रखने का जिम्मा उत्तराखंड पर है। लिहाजा, प्रत्येक व्यक्ति को साल में एक पौधा अवश्य रोपने की जरूरत है। उन्होंने यह बात शनिवार को रोटरी क्लब और इनर व्हील क्लब की ओर से पीजी ऑटोनोमस कॉलेज में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में कही। वन मंत्री ने कहा कि देश की 28 और दुनिया की 8 प्रतिशत जैव विविधता उत्तराखंड में है।
राज्य में हरियाली और पानी होने से ही लोगों का जीवन सुरक्षित रहेगा। कहा कि जंगल कटते हैं, तो इसका असर जलवायु पर पड़ेगा। कहा कि लोगों की सांसें पेड़ों की वजह से ही चल रही है। उन्होंने आह्वान किया कि विवाह व अन्य शुभ कार्यों के अवसर व शिशु के पैदा होने पर संकल्प के तहत पौधरोपण किया जाना चाहिए।
रोटरी क्लब के अध्यक्ष राजीव गर्ग ने बताया कि महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजाति के कई दर्जन पौधे रोपे गए। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. एनपी माहेश्वरी, इनरव्हील क्लब की अध्यक्ष रेखा गर्ग, विशाल तायल, नवनीत, शेखर, सुदामा, नितिन, हिमांशु, संजीव, सुशील, रवि कौशल, डीके श्रीवास्तव, सचिन, नंदू भंडारी, दीपक, रविंद्र अग्रवाल, यदुनंदन गुप्ता, सलोनी गोयल, रश्मि अग्रवाल, रेखा नागलिया, मीनाक्षी, डॉ. निवेदिता, मीनू, मनीषा, गीता, सविता शर्मा आदि मौजूद थे।