श्रीनगर। ओवर लोडिंग पर सख्त कोतवाली पुलिस ने शहर के प्रतिष्ठित दो स्कूलों के बस चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। 32 सीटर एक स्कूल बस में 39 बच्चे बैठाए गए थे। जबकि चालक परिचालक सहित इस बस में 41 सवार थे। वहीं दूसरे स्कूल के 35 सीटर बस में 47 बच्चे बैठाए गए थे। पुलिस ने दोनों स्कूल बसों को सीज कर दिया है।
शुक्रवार को एसएसआई प्रदीप नेगी ने नियमित चेकिंग अभियान के दौरान कीर्तिनगर पुल के समीप देवभूमि पब्लिक स्कूल की बस को रोका। बस में 39 बच्चे बैठाए गए थे। चालक परिचालक सहित बस में 41 लोग सवार थे। कागजों की चेकिंग पर पता चला कि वाहन 32 सवारियों के लिए ही स्वीकृत है। वहीं पौड़ी चुंगी के समीप चेकिंग के दौरान रैनबो पब्लिक स्कूल की बस में 47 बच्चे बैठाए गए थे। जबकि बस 35 सीटर है। पुलिस ने दोनों बसों के चालकों धर्मेंद्र सिंह व कुलदीप सिंह के खिलाफ ओवरलोडिंग की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की। कोतवाल एनएस बिष्ट ने बताया कि वाहन चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने के साथ ही वाहनों को भी सीज कर दिया गया है। बताया कि पुलिस नियमित चेकिंग अभियान चला रही है। ओवर लोडिंग पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
>>
सुबह बारिश हो रही जिस वजह बच्चे खुद ही बसो में बैठ गए। बस में ज्यादा बच्चे बैठे गए, इसकी जानकारी नहीं।
रेखा उनियाल , प्रधानाचार्य, रेनबो पब्लिक स्कूल,
>>
मुझे जानकारी नहीं है कि बस में कितने बच्चे बैठाए गए है। ट्रांसपोर्ट इंचार्ज को इस बारे में जानकारी होंगी।
भगवान सिंह धनाई, प्रधानाचार्य, देवभूमि पब्लिक स्कूल