ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
टीएचडीसीआईएल का 31वां स्थापना दिवस बृहस्पतिवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान सीएमडी डीवी सिंह ने कहा कि कॉपोरेशन की शुरुआत से लेकर अभी तक वर्ष 2017-18 में 335 करोड़ रुपये का सर्वाधिक लाभांश केंद्र व यूपी सरकार को दिया गया है। उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन से किसी भी संस्थान को बुलंदियों तक पहुंचाया जा सकता है।
बृहस्पतिवार को टीएचडीसीआईएल में आयोजित स्थापना दिवस समारोह के दौरान कॉरपोरेशन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक ने बताया कि वित्तीय वर्ष में टिहरी एचपीपी और कोटेश्वर एचईपी से कुल 4300 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन कर निर्धारित लक्ष्य को भी पार किया गया है। पवन ऊर्जा और थर्मल पावर के क्षेत्र में भी कॉरपोरेशन अहम भूमिका निभा रहा है। सीएमडी ने बेस्ट इंप्लाई अवार्ड अधिकारी वर्ग में राजीव जैन, नलनी कांत ओझा, एसपी गैरोला को दिया। एलपी सकलानी को सर्वश्रेष्ठ कर्मचारी के पुरस्कार से नवाजा गया। सुझाव मेले में प्रथम पुरस्कार विजयपाल सिंह खरोला को मिला।
समारोह में मुद्रा डांस ग्रुप देहरादून ने श्रीगणेश वंदना, दीपम ज्योति, कृष्णा डांस, स्केलिटन ग्रुप दिल्ली ने स्ट्रोक भांगड़ा आदि की रंगारंग प्रस्तुतियां दी। कलाकारों के शानदार प्रदर्शन से रस मंजरी हॉल दर्शकों की तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी गौरव कुमार ने किया। इस मौके पर निदेशक तकनीकी एचएल अरोड़ा, मुख्य सतर्कता अधिकारी डॉ. सुनीता सिंह, एमपीएस त्यागी, एएल शाह, बीजी अग्रवाल, वाईके शर्मा, डीके गुप्ता, केपीएस दुबे आदि मौजूद थे।