श्रीनगर। गांव बसाओ राज्य बचाओ यात्रा सोमवार को श्रीनगर पहुंची। यहां उक्रांद के संरक्षक व पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष त्रिवेंद्र सिंह पंवार ने विधायक निधि व सांसद निधियों को बंद कराने के लिए आंदोलन शुरू किए जाने की बात कही।
गांव बसाओ राज्य बचाओ यात्रा के दौरान जीएमवीएन में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उक्रांद के संरक्षक त्रिवेंद्र सिंह पंवार ने कहा कि आज भी ग्रामीण क्षेत्रों में लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझ रहे है। कहा कि जिन उद्देश्यों के लिए राज्य का निर्माण किया गया था, उनकी पूर्ति नहीं हो पाई है। नेताओं के भ्रष्ट होने से राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है। इसके लिए सांसद व विधायक निधि को बंद किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि इसके खिलाफ उक्रांद शीघ्र आंदोलन शुरू करेगा। पंवार ने राज्य में छोटी जल विद्युत परियोजनाओं के निर्माण में स्थानीय लोगों की सहभागिता को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि श्रीनगर जल विद्युत परियोजना से स्थानीय लोगों व आसपास के क्षेत्रों को निशुल्क बिजली देने के लिए आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने शिक्षिका उतरा बहुगुणा पंत मामले में शिक्षक संगठन की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। पंवार ने बताया कि पांचवें चरण की यात्रा का 14 जुलाई को पुरोला में समापन किया जाएगा। इस मौके पर उक्रांद के केंद्रीय महामंत्री किशन सिंह रावत, गणेश भट्ट, शिवानी पांडे, संजय, मोहित, धन सिंह नेगी व निशांत कुमार आदि मौजूद थे।