ब्यूरो/अमर उजाला/चकराता।
दो दिनों से क्षेत्र में जारी बारिश के बीच जगह-जगह मलबा आने से लोनिवि (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत पांच संपर्क मार्गों पर वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। सड़कों के अवरुद्ध होने से काश्तकारों को फसलों को मंडी तक पहुंचाने में खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का संपर्क अन्य इलाकों से पूरी तरह से कट चुका है। उन्हें पैदल दूरी तय कर रोजमर्रा की जरूरी वस्तुएं गांव तक पहुंचानी पड़ रही है।
दो दिन से जारी के बीच साहिया-क्वानू-मलेथा, रड़ू-मुंधोल, लेल्टा-मंडोली, धोइरा-देऊ और कोटा बैंड-आरा संपर्क मार्ग पर जगह-जगह मलबा आ गया है। जिससे इन सड़कों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है। देऊ गांव निवासी अमर सिंह, अरविंद, पाटा के रमेश चौहान और मंडोली के मदन सिंह का कहना है कि सड़कों के बंद होने पर विभाग को उन्हें खोलने में कई दिन लग जाते हैं। जिसके चलते लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्हें कई किमी की पैदल दूरी तय कर मुख्य सड़क तक पहुंचना पड़ता है।
उधर, लोनिवि (पीएमजीएसवाई) के अवर अभियंता विनोद शर्मा ने बताया कि बंद हुए मार्गों को खोलने का काम शुरू कर दिया गया है। जल्द सभी मार्गों पर यातायात सुचारु करा दिया जाएगा।