श्रीनगर। एनआईटी (राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान) उत्तराखंड के दस्तावेज जलाने वाले प्रकरण में संस्थान की ओर से गठित कमेटी ने संबंधित अधिकारी से पूछताछ की है। कमेटी ने उक्त अधिकारी से कब्जे से कुछ कागज भी बरामद किए। बृहस्पतिवार तक जांच कमेटी मामले में अपनी रिपोर्ट दे देगी।
एनआईटी में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर विभागीय दस्तावेजों को जलाने का मामला सामने आया था, जिसका संज्ञान लेते हुए एनआईटी प्रशासन ने जांच कमेटी गठित की है। दो दिन पूर्व एनआईटी के निदेशक प्रो. एसएल सोनी को किसी अंजान व्यक्ति द्वारा विभागीय दस्तावेज जलाने की सूचना दी गई थी। इसके बाद निदेशक तत्काल रजिस्ट्रार कर्नल सुखपाल सिंह के साथ मौके पर पहुंचे, जहां उन्हें कुछ अधजले कागज मिले। संस्थान के सीसीटीवी कैमरों में एक अधिकारी को दो कर्मचारियों के साथ कागज जलाते हुए देखा गया है। जांच कमेटी ने उक्त अधिकारी से पूछताछ करते हुए उसके कब्जे से कुछ कागज भी बरामद किए हैं। कमेटी कागजों को जलाने के पीछे अधिकारी की मंशा जानने में जुटी हुई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर सीवीओ (मुख्य सतर्कता अधिकारी) संस्थान के उच्चाधिकारियों को संस्तुति देंगे। रजिस्ट्रार एनआईटी उत्तराखंड कर्नल सुखपाल सिंह का कहना है कि जांच कमेटी जांच कर रही है। जांच के आधार पर सीवीओ कार्रवाई की संस्तुति देंगे।
इंजीनियर के खिलाफ भी चल रही जांच
श्रीनगर। एनआईटी उत्तराखंड में एक इंजीनियर के खिलाफ भी वित्तीय अनियमितता की जांच चल रही है। आरोप है, कि उक्त इंजीनियर ने खरीद-फरोख्त में वित्तीय गड़बड़ी की है। इस मामले में भी जांच रिपोर्ट आनी है। इससे पहले पूर्व निदेशक पर भी वित्तीय गड़बड़ी का आरोप लगे थे, जिसकी सीबीआई जांच भी हुई थी।