श्रीनगर। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) में खाता खोलने के लिए क्षेत्र के लोगों को बैंक के चक्कर लगाने के साथ की कागजी कार्रवाई नहीं करनी पड़ेगी। उपभोक्ता अब घर बैठे ही एसबीआई के एप योनो (यू ऑनली नीड वन) पर अपना एकाउंट खोल सकते हैं। एप से एकाउंट खोलने के लिए बैंक प्रबंधन शहर के उच्च शैक्षणिक संस्थानों में जुलाई के प्रथम सप्ताह से जागरूकता अभियान चलाने जा रहा है।
एसबीआई श्रीनगर शाखा के वरिष्ठ प्रबंधक एचजेएस बग्गा ने बताया कि योनो एसबीआई का ऑन लाइन एप है, जिसके माध्यम से घर बैठे एकाउंट खोला जा सकता है। एकाउंट खोलने के लिए केवल आधार कार्ड और पैन कार्ड की आवश्यकता है। योनो एप से एकाउंट खुलने के बाद उपभोक्ता को एक रैफरल कोड मिलता है, जिसे उपभोक्ता को संबंधित शाखा में दिखाना होता है। फिर उपभोक्ता को पासबुक, चेकबुक व एटीएम कार्ड उपलब्ध कराया जाता है। वहीं, योनो एप से श्रीनगर शाखा में अब तक करीब 100 खाते खुल चुके हैं।