घाट (चमोली)। राज्य में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। युवा होम स्टे जैसी योजना से स्वरोजगार कर अपनी आर्थिकी मजबूत कर सकते हैं। गांव के आसपास पिरूल जमा कर बिजली का उत्पादन करें और यह बिजली सरकार खरीदेगी। घाट तहसील परिसर में आयोजित बहुउद्देश्यीय शिविर में सीएम ने यह बातें कहीं और घाट बाजार में कूड़ा निस्तारण प्लांट लगाने समेत कई घोषणाएं कीं। इस दौरान सीएम ने शहीद जगदीश पुरोहित की पत्नी और पिता को सम्मानित किया। उन्होंने शहीद की पत्नी को रोजगार देने का भरोसा भी दिलाया।
मंगलवार को सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत हेलीकॉप्टर से कुरुड़ गांव पहुंचे और मां नंदा मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद सीएम घाट तहसील परिसर में आयोजित बहुउद्देश्यीय शिविर में शामिल हुए। थराली विधानसभा उपचुनाव में जीत दर्ज करने पर सीएम ने जनता का आभार जताया। सीएम ने कहा कि थराली विधानसभा क्षेत्र का विकास प्राथमिकता है। घाट क्षेत्र कृषि, पशुपालन और पर्यटन के लिए मुफीद है। युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर क्षेत्र का विकास किया जाएगा। शिविर में फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याएं रखनी शुरू कीं तो सीएम कहा कि जिला स्तर की समस्याएं संबंधित विभाग के अधिकारी निपटाएं और शासन स्तर की शिकायतों का निस्तारण मैं स्वयं देहरादून जाकर करूंगा। बहुउद्देश्यीय शिविर में पेयजल, पैदल रास्ता निर्माण, विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती, विद्युतीकरण, सड़क समेत 315 शिकायतें दर्ज हुईं। सीएम ने ग्रामीणों को शीघ्र समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। इस दौरान थराली विधायक मुन्नी देवी और सहकारिता मंत्री डा. धन सिंह रावत ने भी विधानसभा उपचुनाव में जीत मिलने पर जनता का आभार जताया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष मोहन प्रसाद थपलियाल, ब्लॉक प्रमुख कर्ण सिंह, गजेंद्र रावत, दिलबर सिंह, पंकज डिमरी, महावीर सिंह, बलवीर घुनियाल, श्याम सिंह, रिपुदमन सिंह रावत, गुड्डू लाल आदि मौजूद थे।
इंसेट
सीएम ने ये की घोषणाएं
- घाट-नंदप्रयाग मोटर मार्ग का चौड़ीकरण व डामरीकरण
ज- घाट-देहरादून बस सेवा का संचालन।
- घाट बाजार में कूड़ा निस्तारण प्लांट और घाट बाजार की आंतरिक सड़कों का डामरीकरण।
- जीआईसी ल्वाणी में चार अतिरिक्त कक्षा-कक्ष निर्माण।
- जीआईसी बूरा में दो अतिरिक्त कक्षा-कक्ष निर्माण
- सिद्धपीठ कुरुड़ मंदिर तक पैदल मार्ग निर्माण।
इन सड़कों के हुए शासनादेश
- सितेल-लेटाला-प्राणमती-बड़गुना सड़क निर्माण
- बूरा-आला-जोखना-सितेल सड़क निर्माण
- बंगाली-रुईसांण सड़क निर्माण
- सुतोल-कनोल-वाण सड़क निर्माण
भाजपाइयों ने की घाट ब्लॉक को गोद लेने की मांग
घाट। बहुउद्देश्यीय शिविर में भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलवर सिंह ने सीएम से घाट ब्लॉक को गोद लेने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि जिले में घाट ब्लॉक सबसे पिछड़ा है। यहां के विकास के लिए विशेष योजनाओं की आवश्यकता है। भाजपा की मंडल कार्यकारिणी ने सीएम को सौंपे 14 सूत्री मांग पत्र में घाट क्षेत्र में बिजली, पानी, सड़क, सिंचाई नहर और संचार सेवा के विस्तार की मांग उठाई।