श्री ब्यूरो/अमर उजाला,डोईवाला।
सिखों के पांचवें गुरु श्री अर्जन देव जी महाराज के शहीदी पर्व के मौके पर नगर के गुरुद्वारा लंगर हॉल में दीवान सजाया गया। इस दौरान प्रचारकों ने समूह संगत को विस्तार से गुरु की शिक्षाएं और आदर्शों के बारे में बताया। रविवार को ऋषिकेश रोड स्थित गुुुरुद्वारा लंगर हॉल में शहीदी पर्व पर सुबह से ही सिख श्रद्धालु गुरुद्वारे में माथा टेकने के लिए पहुंचने लगे। संत बाबा महेंद्र सिंह लुधियाना, संत बाबा मनमोहन सिंह बारन वाले और संत बाबा रणजीत सिंह ने संगत को गुरु अर्जन देव महाराज के जीवन के बारे में बताया।
कहा कि आध्यात्मिक जगत में गुरु अर्जन देव जी का सर्वश्रेष्ठ स्थान है। गुरु महाराज ने अपनी वाणी से मानवता और शांति का संदेश दिया। कहा कि गुरु अर्जन देव महाराज ने मानव मूल्यों के लिए स्वयं का बलिदान दिया। श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान हरपाल सिंह सैनी ने कहा कि देश और दुनिया की बेहतरी के लिए गुुरु की शिक्षाओं और आदर्शों को आत्मसात करना होगा। कार्यक्रम में सचिव सुरेंद्र सिंह खालसा, जिला पंचायत सदस्य ताजेंद्र सिंह, पूर्व प्रधान गुरदीप सिंह, अमरजीत सिंह पाल, जसविंद्र सिंह, परमजीत सिंह, नरेंद्र सिंह, इंद्रजीत सिंह, अमरजीत सिंह आदि लोग मौजूद थे। इस दौरान नगर में विभिन्न स्थानों पर छबील लगाकर ठंडा शरबत वितरित किया गया।