ब्यूरो/अमर उजाला/त्यूनी।
क्षेत्र में चले तेज आंधी-तूफान के बीच बृहस्पतिवार की देर रात को त्यूनी तहसील क्षेत्र के 50 से अधिक गांव की बत्ती गुल हो गई। लोगों को अंधेरे में रात काटनी पड़ी। सुबह रोजमर्रा के काम निपटाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लाइट न होने से सरकारी कार्यालयों (ई-डिस्ट्रिक्ट सेवा केंद्र, उपकोषागार, बैंकों) में भी पब्लिक डिलिंग से जुड़े कामकाज प्रभावित रहे।
बृहस्पतिवार की देर रात आंधी-तूफान के बीच फेड़ीच-मीनस के बीच 33केवी की बिजली लाइन पर जगह-जगह पेड़ टूट कर गिरने से त्यूनी और सावड़ा फीडर से जुड़े गांव की बत्ती गुल हो गई। हनोल, त्यूनी, दारागाड़, सावड़ा, अणु, अटाल, चिल्हाड़, फेड़ीच, रड़ू, मुंधोल, भंदरोली समेत 50 से अधिक गांव की आबादी को अंधेरे में रात काटनी पड़ी। ऋषभ, पारस, गोपाल, प्रदीप आदि का कहना है कि यूपीसीएल की हीलाहवाली का खामियाजा अक्सर लोगों को उठाना पड़ता है। लाइट न होने से लोगों के साथ ही क्षेत्र के सैर सपाटे पर निकले पर्यटकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लाइट बाधित न हो इसके लिए कई बार विभाग से लाइन के दोनों ओर खड़े पेड़ों की लॉपिंग की मांग की जा चुकी है, लेकिन हर बार उनकी मांग को अनसुना किया जाता है। उधर, एसडीओ अशोक कुमार ने बताया कि लाइन को ठीक किया जा रहा है। देर शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।