कीर्तिनगर। केंद्र सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्थानीय विधायक ने विभिन्न योजनाओं से लोगों को लाभान्वित किया। इस दौरान उज्जवला योजना के तहत 30 और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 23 परिवारों को लाभान्वित किया गया। बिजली के 25 कनेक्शन भी वितरित किए गए।
बुधवार को ब्लाक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि देवप्रयाग विधानसभा को मॉडल विधानसभा बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए स्वास्थ्य, शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में कार्य किए जा रहे हैं। दर्जनों विकास योजनाओं का खाका भी तैयार किया गया है, जिन्हें जल्द धरातल पर उतारा जाएगा। कंडारी ने कहा कि केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार साझा प्रयासों से प्रदेश विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम में एसडीएम नूपुर वर्मा, आशा पैन्यूली, दीवान बिष्ट, जयपाल राणा आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन मुकेश भट्ट ने किया।