बरसात में 150 छात्रों का स्कूल से कट जाता है संपर्क
- डांगूठा-कथियान मोटर मार्ग स्थित लगड़ी खड्ड पर नहीं पुलिया
- छात्रों को स्कूल पहुंचने के लिए खड्ड में पानी कम होने का करना पड़ता है इंतजार
अमर उजाला ब्यूरो
चकराता।
डांगूठा-कथियान मोटर मार्ग स्थित लगड़ी खड्ड पर पुलिया निर्माण न होने से बरसात के दौरान जीआईसी कथियान में पढ़ने वाले 150 से अधिक छात्रों का स्कूल से संपर्क कट जाता है। छात्रों को घर से स्कूल पहुंचने के लिए घंटो खड्ड में पानी के कम होने का इंतजार करना पड़ता है। जिसके चलते कई बार छात्र समय पर स्कूल नहीं पहुंच पाते है। खड्ड पर पुलिया निर्माण की मांग पर रविवार को खत धनण गाड़ के चार गांवों के लोगों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजा।
डीएम को भेजे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि खड्ड से होकर ही भुनाड़, ऐठाण, पट्यूड़ और डागूंठा गांवों के लोग कथियान तक पहुंचते हैं, लेकिन बरसात में खड्ड पर पानी का स्तर बढ़ने के कारण पैदल आवाजाही नहीं हो पाती। जिसके चलते छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होती है। स्कूल में इन चार गांवों के 150 से भी अधिक छात्र रोजाना पढ़ाई करने के लिए जाते हैं। कहा खड्ड पर पानी का स्तर बढ़ने से वाहनों की आवाजाही भी ठप हो जाती है। लोगों के साथ ही छात्रों को भी घंटों खड्ड पर पानी का स्तर कम होने का इंतजार करना पड़ता है। कहा पूर्व में वह कई बार विभागीय अधिकारियों से खड्ड पर पुलिया निर्माण की मांग कर चुके हैं, लेकिन हर बार उनकी मांग को अनसुना कर दिया जाता है। ज्ञापन भेजने वालों में जोधवीर माली, अर्जुन सिंह रावत, रमेश रावत, रणवीर रावत, महावीर सिंह, अरविंद सिंह, जयेंद्र सिंह, सूरत सिंह, बलबीर सिंह, सबल सिंह, बिशन आदि शामिल रहे।