ब्यूरो/अमर उजाला,डोईवाला।
आयुर्वेदिक कालेजों में फीस वृद्धि से नाराज विभिन्न आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। मुख्यमंत्री द्वारा आश्वासन की समयावधि समाप्त हो जाने से छात्र-छात्राओं में आक्रोश बढ़ गया है। तहसील मुख्यालय डोईवाला में बीते 13 दिनों से आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेजों में फीस बढ़ोतरी को लेकर छात्र-छात्राएं धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से मुलाकात कर समस्या के बाबत अवगत कराया था। सीएम ने छात्र-छात्राओं को सात दिनों में निर्णय लेने का आश्वासन दिया था। मंगलवार को आश्वासन की अवधि पूरी होने के बावजूद निराकरण नहीं होने पर छात्र-छात्राओं ने आगे की रणनीति पर विचार विमर्श किया।
आंदोलनकारी ललित तिवारी, आशीष और यश वेदवाल ने बताया कि कॉलेजों ने फीस नियामक समिति की अनुमति के बिना फीस बढ़ोतरी की गई है, जोकि नियम विरुद्ध है। कहा कि निर्णय नहीं होने पर अब आंदोलन का स्वरूप बड़ा करने पर विचार हो रहा हैं। वहीं, कई दिनों से आंदोलन कर रहे कुछ छात्र-छात्राओं की गर्मी के कारण स्वास्थ्य खराब होने लगा हैं। धरनास्थल पर प्राची कांडपाल दीक्षांत भट्ट, आराधना नौटियाल, सलोनी कर्डवाल, मोहित बागवाडी, विपिन रावत, मयंक गोदियाल, सतेंद्र तोपाल आदि मौजूद थे।