ब्यूरो/अमर उजाला,डोईवाला।
कृषक फेडरेशन डोईवाला ने पब्लिक इंटर कॉलेज डोईवाला की प्रबंध कमेटी के चुनाव कराने की मांग को लेकर तहसील में प्रदर्शन किया। कहा कि पिछले 11 सालों से प्रबंध कमेटी के चुनाव नहीं कराए गए हैं। उपजिलाधिकारी डोईवाला के माध्यम से शिक्षा निदेशक को ज्ञापन देकर चुनाव कराने की मांग की गई। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डोईवाला कृषक फेडरेशन से जुड़े पदाधिकारी, सदस्य और किसान सुबह 11 बजे तहसील में एकत्रित हुए और पब्लिक इंटर कॉलेज डोईवाला प्रबंध कमेटी के चुनाव कराने की मांग को लेकर धरना दिया।
फेडरेशन अध्यक्ष उम्मेद बोरा ने कहा कि वर्तमान प्रबंध समिति का कार्यकाल सात जनवरी 2010 को पूरा हो गया है। बावजूद इसके प्रबंध कमेटी के चुनाव नहीं कराए जा रहे। युकां प्रदेश सचिव विक्रम सिंह नेगी ने कहा कि शिक्षा विभाग बार-बार अनुरोध करने के बाद भी चुनाव कराने में रुचि नहीं दिखा रहा है। एसडीएम डोईवाला को ज्ञापन देकर अवगत कराया कि अशासकीय विद्यालय पब्लिक इंटर कॉलेज में प्रबंध कमेटी के चुनाव नहीं होने से व्यवस्थाओं पर विपरीत प्रभाव पड़ने लगा है। उपजिलाधिकारी डोईवाला की ओर से मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून से वार्ता कर चुनाव कराने के मामले का संज्ञान लेने को कहा गया है। प्रदर्शन करने वालों में बलबिदंर सिंह बिंदा, शंकर सिंह कान्याल, बाल मुकुंद वर्मा, भगवान सिंह, शिव कुमार, चंद्र सिंह, जागीर सिंह, खड़क सिंह, राजकुमार, राजू भाई आदि मौजूद थे।