गोपेश्वर। चमोली जिला चिकित्सालय में अब मरीजों को आईसीयू की सुविधा मिल जाएगी। आगामी छह जून को इसका विधिवत शुभारंभ हो जाएगा। साथ ही अस्पताल में किसी भी ऑपरेशन के दौरान बिजली की समस्या न हो, इसके लिए जिला चिकित्सालय में सोलर ऊर्जा के लिए भी पैनल लगाए गए हैं। इससे 50 किलोवाट की क्षमता की बिजली का उत्पादन होगा।
प्रधानमंत्री मिशन कायाकल्प योजना के अंतर्गत जिला चिकित्सालय में आईसीयू की सुविधा दी जा रही है। इस आईसीयू में दो बेड होंगे। अभी तक चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों में आईसीयू की व्यवस्था नहीं थी। जिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. विराज शाह ने बताया कि अस्पताल में हाई डेफिशियेंसी महिला यूनिट भी खुलेगा। प्रसव के बाद प्रसूता को आने वाली दिक्कतों के समय इस यूनिट की आवश्यकता होती है। जिला चिकित्सालय भवन में बरसाती पानी के उपयोग के लिए वाटर हारवेस्टिंग सिस्टम भी तैयार किया गया है। बीस हजार लीटर बरसाती पानी के संरक्षण की क्षमता वाले इस सिस्टम से अस्पताल में पेयजल आपूर्ति होगी।