गोपेश्वर। राज्य कर्मचारियों को केंद्र के समान भत्ते देने सहित अपनी बारह सूत्री मांगों को लेकर उत्तराखंड अधिकारी-कर्मचारी समन्वय मंच ने पांच जून से आंदोलन शुरू करने का एलान किया है। मंच की बैठक में चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा निर्धारित की गई।
तय किया गया कि पांच जून को समस्त कर्मचारी सामूहिक अवकाश लेकर जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन कर डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजेंगे और 13 व 14 जून को कार्य बहिष्कार कर जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद भी सुनवाई नहीं हुई तो 22 जून को देहरादून में रैली आयोजित कर सचिवालय का घेराव किया जाएगा। बैठक में मुख्य संयोजक कुलदीप रावत, अमित भाकुनी, आरके बगवाड़ी, सतीश कुमार, विक्रम सिंह, शंकर सिंह, मातबर सिंह, मनजीत सिंह, राजेश कपरवाण, बचन सिंह रावत, पुष्कर सिंह, आरके बगवाड़ी आदि मौजूद थे।
मंच की मुख्य मांगें
-राज्य कर्मियों को केंद्र के समान भत्ते दिए जाएं।
-सेवारत व सेवानिवृत्त कर्मचारियों को यू-हेल्थ स्मार्ट कार्ड की सुविधा केंद्र सरकार की तर्ज पर दी जाए।
-समस्त कर्मियों को सेवाकाल में तीन पदोन्नतियां दी जाएं।
-एक अक्तूबर वर्ष 2005 के बाद नियुक्त कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू की जाए।
-सेवाकाल के अंतिम वर्ष में स्वैच्छिक स्थान पर तैनाती दी जाए।