जोशीमठ। 23वें गौरा देवी पर्यावरण एवं प्रकृति पर्यटन विकास मेले की तैयारियों पर चर्चा की गई। इस दौरान मेला आयोजन समिति ने बेहतर प्रशासनिक सेवा के लिए रुद्रप्रयाग के डीएम मंगेश घिल्डियाल को गौरा देवी सम्मान देने का निर्णय लिया है। इनके साथ ही तीन अन्य लोगों को भी विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने पर सम्मानित किया जाएगा।
उर्गम घाटी में प्रतिवर्ष दो दिवसीय गौरा देवी पर्यावरण एवं प्रकृति पर्यटन विकास मेले का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष 5 व 6 जून को दो दिवसीय मेले का आयोजन होगा। यहां हुई मेला समिति की बैठक में मेला संचालन समिति का गठन किया गया। समिति की ओर से निर्णय लिया गया कि पर्यावरण क्षेत्र में बेहतर कार्य करने पर प्रसिद्ध पर्वतारोही हर्षवंती बिष्ट, बेहतर प्रशासनिक सेवा के लिए रुद्रप्रयाग डीएम मंगेश घिल्डियाल, कला के लिए हरीश चंद्र बोरकर और पंचायतों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित करने वाले मैती आंदोलन के जनक कल्याण सिंह रावत को इस वर्ष के गौरा देवी सम्मान से नवाजा जाएगा। इस मौके पर जनदेश के सचिव लक्ष्मण सिंह नेगी, प्रधान पूर्णी देवी, दुलव सिंह, नर्वदा देवी, हीरा सिंह, सरस्वती देवी, पूरण लाल, धूमदास, सरस्वती देवी, विनीता देवी और विनीता पंवार आदि मौजूद थे।