ब्यूरो/अमर उजाला,श्यामपुर।
मालवीयनगर स्थित मिनी ट्यूबवेल की मोटर फुंकने से क्षेत्र में बृहस्पतिवार को पेयजल का संकट गहरा गया। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग पर क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। बताया कि एक सप्ताह पहले भी ट्यूबवेल की मोटर खराब हो गई थी, इसके बावजूद विभाग नागरिकों को जलापूर्ति सुचारु देने को लेकर गंभीर नहीं है, जिससे उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। मालवीयनगर के ग्रामीण बृहस्पतिवार को पेयजल के लिए इधर-उधर भटकते रहे। इस दौरान कई लोगों को पानी के इंतजाम के लिए बाल्टियां लेकर मंशा देवी स्थित विस्थापित क्षेत्र के ट्यूबवेल जाना पड़ा।
सामाजिक कार्यकर्ता अख्तर अहमद का कहना है कि सप्ताह भर पहले भी ट्यूबवेल की मोटर खराब होने से नागरिकों को परेशान होना पड़ा था। इसके बाद विभाग ने नई मोटर लगाई थी। बृहस्पतिवार को बदली गई मोटर भी फुंक गई। उन्होंने विभाग से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की बहाली सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को पानी के इंतजाम के लिए इधर उधर भटकना पड़ रहा है। मगर विभाग लापरवाह बना हुआ है।
उधर इस बाबत जल संस्थान के अवर अभियंता हिमांशु असवाल ने बताया कि इन दिनों लो- वोल्टेज की समस्या बनी हुई है, जिस कारण मोटर में खराबी आ रही है। बताया कि जल्द मोटर को दुरुस्त कर जलापूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।