ब्यूरो/अमर उजाला
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। उत्तराखंड के प्रवेशद्वार व चारधाम यात्रा संचालन के मुख्य केंद्र में अव्यवस्थाओं के बीच जैसे तैसे चारधाम यात्रा संचालित हो रही है। मगर मौके से व्यवस्थापक नदारद हैं। चारधाम यात्रा बस ट्रांजिट कंपाउंड में सब कुछ बेपटरी होने से अराजकता जैसा माहौल है। मगर इस ओर गौर करने वाला कोई नहीं है।
यात्राकाल में भी नगर निगम प्रशासन चारधाम बीटीसी में नियमित सफाई व्यवस्था संचालित नहीं कर पा रहा है। लिहाजा बस ट्रांजिट कंपाउंड में प्लेटफार्म से लेकर नालियों तक में जगह जगह कूड़ा करकट गंदगी जमा है। जिसके कारण क्षेत्र में दुर्गंध का माहौल है। इससे तीर्थयात्रियों के स्वास्थ्य पर दुष्प्रभाव पड़ रहा है।
बीटीसी में एक निर्धारित स्थान पर ऑटो चालकों द्वारा अनधिकृत स्टैंड बनाया हुआ है। मगर ऑटो चालक इस पर भी मनमानी कर रहे हैं। वह निर्धारित स्टैंड की बजाए पूरे प्लेटफार्म पर जगह जगह खड़ी यात्री वाहनों के पास पहुंचकर सवारियां बिठा रहे हैं। जिससे यहां अव्यवस्था फैल रही है। यही स्थिति बीटीसी परिसर स्थित रोडवेज बस अड्डे पर भी बनी हुई है। बावजूद इसके चारधाम यात्रा की मॉनिटरिंग व सफल संचालन का दावा करने वाले मौके से नदारद हैं। यात्रा के प्रमुख केंद्र में मौजूदा अव्यवस्थाओं को देखने वाला कोई नहीं है। गौरतलब है कि इस साल प्रशासन ने यात्रा शुरू होने से पहले बीटीसी को अनधिकृत खोखे लगाकर किए गए अतिक्रमण से मुक्त कराने का दावा किया था, मगर उक्त कार्रवाई को भी प्रशासन ने राजनीतिक दबाव में रोक दिया। जिसके कारण 12 करोड़ के बीटीसी में निजी परिवहन कंपनियों व विभिन्न प्रांतों से आने वाले तीर्थयात्रियों के वाहनों को पार्क करने के लिए स्थान उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। लिहाजा वाहनों को बीटीसी के प्रवेश व निकासी मार्गों, चंद्रभागा नदी में पार्क करना पड़ रहा है।
9,748 श्रद्धालुओं ने कराया अनिवार्य रजिस्ट्रेशन
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। उत्तराखंड की चारधाम व हेमकुंड यात्रा के लिए विभिन्न स्थानों पर बनाए गए पंजीकरण केंद्रों में बुधवार को कुल 9,748 तीर्थयात्रियों ने अनिवार्य फोटोमीट्रिक रजिस्ट्रेशन कराया। त्रिलोक सिक्योरिटी सिस्टम कंपनी के प्रबंधक प्रेम अनंत ने बताया कि बुधवार को तीर्थनगरी ऋषिकेश में 4153 तीर्थयात्रियों ने अनिवार्य फोटोमीट्रिक रजिस्ट्रेशन कराया, जबकि हरिद्वार स्थित राही मोटल होटल में 300,हरिद्वार रेलवे स्टेशन में 82, ऋषिकेश स्थित श्रीहेमकुंड गुरुद्वारा में 461, दोबाटा, बड़कोट में 1002, हीना, उत्तरकाशी में 1796, फाटा में 180, सोनप्रयाग में 1310, पांडुकेश्वर में 75 व गोविंदघाट में 389 तीर्थयात्रियों ने अनिवार्य फोटोमीट्रिक पंजीकरण कराया। उन्होंने बताया कि इस साल की यात्रा के लिए अब तक 3,90,778 श्रद्धालु फोटोमीट्रिक रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। प्रेम अनंत के अनुसार शुक्रवार को 92 लोगों ने यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया, बताया कि अब तक कुल 8747 तीर्थयात्रियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है।