ब्यूरो/अमर उजाला/त्यूनी।
तेज आंधी से बिजली लाइन पर पेड़ की टहनियां टूट कर गिरने से महासू नगरी हनोल समेत आधा दर्जन गांव की बिजली आपूर्ति एक बार फिर ठप हो गई। मंगलवार की रात से क्षेत्र में लाइट नहीं है। बिजली उपकरण शोपीस बने हुए हैं। लोगों को रोजमर्रा के काम निपटाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
हनोल स्थित महासू मंदिर में दर्शन को पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इससे पूर्व 24 मई को भी क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। जो 28 मई की शाम को बहाल हो सकी थी। ऐसे में महज चंद घंटो की राहत के बाद ही बिजली आपूर्ति के दुबारा से ठप होने पर लोगों में रोष है। उन्होंने बिजली लाइन के पास से गुजर रहे पेड़ों की लॉपिंग कराने की मांग की है।
मंगलवार की शाम को क्षेत्र में चले तेज आंधी से त्यूनी-हनोल के बीच में कई जगहों पर पेड़ की टहनियां टूट कर गिर गई। हनोल, चातरा, कूपा, भट्टा, चातरीगाड़ और भ्यूलाड़ा समेत आधा दर्जन गांवों की बिजली ठप हो गई। शाम ढलते ही क्षेत्र में अंधेरा पसर जाता है। लोगों को जोक्टी और लालटेन के सहारे रात रोशन करनी पड़ रही है। मोबाइल चार्ज करने के लिए 15 किमी दूर त्यूनी बाजार जाना पड़ रहा है। 1000 परिवारों की दिनचर्या पूरी तरह से प्रभावित हो रही है।
ग्रामीण विजयपाल सिंह, देवेंद्र नौटियाल आदि का कहना है कि अक्सर हल्की सी हवा चलने पर क्षेत्र की बिजली लाइन में फाल्ट आ जाता है। जिसे बहाल करने में विभाग को कई दिन लग जाते हैं। उधर, यूपीसीएल के अवर अभियंता परम सिंह चौहान ने बताया कि देर शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।