ब्यूरो/अमर उजाला/त्यूनी।
नया बाजार स्थित गोरखाली बस्ती में एक सप्ताह से पानी का संकट बना हुआ है। लो प्रेशर के कारण घरों के नलों में पानी नहीं चढ़ रहा है। मजबूरन लोगों को आधा किमी दूर टोंस नदी से पानी ढोना पड़ता है। लोगों ने शीघ्र पेयजल आपूर्ति बहाल न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
15 वर्ष पूर्व क्षेत्र के लिए एक इंच की पेयजल लाइन बिछाई गई है। लोगों का आरोप है कि विभाग ने इस पेयजल लाइन से कई कनेक्शन दे दिए हैं। जिस कारण अब घरों में पानी नहीं पहुंच पाता है। गर्मी बढ़ने के साथ ही स्रोत में पानी का स्तर घटने लगा है। जिससे क्षेत्र में पानी का संकट बना हुआ है। 1000 की आबादी को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। डॉ. बलराज थापा, महेश गौतम, पुष्पा, पार्वती आदि का कहना है कि शिकायत के बाद भी विभाग लाइन का विस्तारीकरण नहीं करा रहा है। लोगों का पूरा दिन पानी की व्यवस्था में निकल रहा है। अधिशासी अभियंता बीएस सजवाण ने बताया कि मामले में जेई से रिपोर्ट मांगी गई है।