देवप्रयाग। तेज आंधी के कारण विद्युत लाइन में फॉल्ट आने से देवप्रयाग नगर सहित पौड़ी व टिहरी जिले के 509 गांवों में लगभग 19 घंटे विद्युत आपूर्ति ठप रही। बिजली ठप होने पंपिंग पेयजल योजनाओं ने भी काम नहीं किया।
मंगलवार शाम लगभग 5 बजे देवप्रयाग क्षेत्र में तेज आंधी चलने से विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। ऊर्जा निगम के कर्मचारियों को फॉल्ट ढूंढने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। अंधेरा होने के कारण मंगलवार रात को काम बंद करना पड़ा। बुधवार सुबह निगम कर्मी फिर फॉल्ट ढूंढने निकले। काफी मशक्कत के बाद कर्मचारियों ने जीएमवीएन गेस्ट हाउस के समीप 33 केवी विद्युत लाइन में फाल्ट ढूंढा। यहां आंधी आने से विद्युत तार आपस में चिपक गए थे। बरसोली गांव के समीप भी आंधी से विद्युत लाइन में फॉल्ट आ गया था। मध्यान्ह लगभग 12 बजे निगम ने विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी। दोनों स्थानों में फॉल्ट की वजह से देवप्रयाग नगर और जामणीखाल-हिंडोलाखाल सहित टिहरी व पौड़ी जिले के लगभग 509 गांव बिजली ठप रही। इसके अलावा भरपूर व कोट पंपिंग पेयजल योजनाओं ने बिजली के अभाव में काम नहीं किया, जिससे यहां पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो गई। ऊर्जा निगम के जेई संजीव कुमार और जेई सचिन मेवाडग़ुरु ने बताया कि मंगलवार को चले तूफान के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी।