ब्यूरो/अमर उजाला/त्यूनी।
चकराता वन प्रभाग की देवघार रेंज अंतर्गत त्यूनी-पुरोला राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे भुटियाधार और डंडोली बीट के जंगलों में आग भड़क उठी। आग ने एक बड़े वन क्षेत्रफल को अपने दायरे में ले लिया। शाम चार बजे से जंगलों में आग भड़की हुई है। खबर लिखे जाने तक कोई भी विभागीय अधिकारी मौके पर नहीं पहुंच सके है। आग के कारण लोगों का हाईवे से गुजरना मुश्किल बना हुआ है।
शाम चार बजे से भुटियाधार के पास जंगलों में आग भड़की हुई है। जो कुछ ही मिनटों मेें 500 मीटर दूर डंडोली तक जा पहुंची। जहां पूरा जंगल धू-धू कर जलने लगा। आसमान धुएं के गुब्बार से काला हो गया है। दूर से ही आग की लपटें नजर आ रही है। आग लगने पर लोगों ने इसकी जानकारी विभागीय अधिकारियों को दी, लेकिन खबर लिखे जाने तक शाम छह बजे भी कोई भी विभागीय अधिकारी घटना स्थल पर नहीं पहुंच सके था। आग के कारण लाखों रुपये की वन संपदा जलकर राख हो गई। लोगों के सामने चारा-पत्ती का संकट भी खड़ा हो गया है। उधर, उप प्रभागीय वनाधिकारी एसके काला ने बताया कि मामले में रेंजाधिकारी से रिपोर्ट मांगी गई है। टीम को तत्काल प्रभाव से मौके पर पहुंच आग पर काबू पाने के निर्देश दिए हैं।