ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश ।
डीलक्स टैक्सी मैक्सी ऑनर्स एसोसिएशन ने उत्तराखंड की चारधाम यात्रा में बाहरी वाहनों से की जा रही डग्गामारी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय व्यावसायिक वाहन संचालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। शुक्रवार को एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी की ओर से इस बाबत क्षेत्रीय विधायक व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि ऋषिकेश व हरिद्वार के कुछ ट्रैवल्स एजेंटों द्वारा बाहरी राज्यों के निजी वाहनों का चारधाम यात्रा में व्यावसायिक इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे प्रदेश सरकार को राजस्व का सीधा नुकसान व परिवहन व्यवसायियों को आर्थिक तौर पर कमजोर किया जा रहा है। बताया कि यात्रा में डग्गामार वाहनों को रोकने के लिए स्थानीय परिवहन व्यवसायियों द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। इसके बावजूद भी ब्रह्मपुरी आदि चैकपोस्ट से प्रतिदिन दर्जनों निजी डग्गामार वाहन यात्रा पर निकल रहे हैं। उनका आरोप है कि इस बाबत परिवहन विभाग को शिकायत दर्ज कराने के बावजूद भी चैकपोस्ट पर डग्गामारी में संलिप्त वाहनों को सीज नहीं किया जा रहा है।