ब्यूरो/अमर उजाला,डोईवाला।
पवित्र रमजान माह के पहले जुमे की नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में मस्जिदों में अकीदतमंद उमड़े। नमाजियों से मस्जिदें भरने की वजह से अकीदतमंदों ने छतों और बाहर सफें बिछाकर नमाज अदा की।
डोईवाला नगर और ग्रामीण क्षेत्रों की मस्जिदों में शुक्रवार को रमजान के पहले जुमे की नमाज बड़े जोशों खरोश के साथ अदा की गई। जुुमे की नमाज की तैयारियां सुबह से ही की जा रही थी। लोग नए कपड़े पहन, इत्र लगाकर छोटे-छोटे बच्चों को लेकर मस्जिदों में पहुंचे। जगह न मिलने के कारण लोग एक- एक घंटा पहले ही मस्जिदों में पहुंच गए थे। डोईवाला नगर, तेलीवाला, कुड़कावाला, बुल्लावाला, न्यामवाला, भानियावाला, जौलीग्रांट आदि मस्जिदों में जुमे की नमाज अदा की गई।
खुतबे से पहले इमामों ने रमजान की फजीलत बयान की। कुड़कावाला में कारी जुमशैद, डोईवाला में कारी अब्दुल मन्नान ने कहा कि इस माह में एक नेकी करने का सवाब 70 गुना मिलता हैं। कहा कि गरीबों की खिदमत करने से अल्लाह खुश होते हैं। साथ ही बंदे को बेहतरीन इनाम से नवाजते हैं। शाम को इफ्तार का ऐलान होनेे पर रोजा खोलकर अल्लाह का शुक्रिया अदा किया। उसके बाद रात में तरावीह की नमाज अदा की गई।