जोशीमठ। उत्तराखंड ग्रामीण सड़क अभिकरण के मुख्य अभियंता केके श्रीवास्तव ने शुक्रवार को मारवाड़ी-थैंग सड़क का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने यहां सड़क के पास निर्माणाधीन पुल के कार्य में देरी और मानकों के अनुसार हिल कटिंग न होने पर नाराजगी जताई। मुख्य अभियंता ने निर्माणदायी संस्था को तीन माह में सड़क निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
जोशीमठ ब्लॉक के थैंग गांव को यातायात से जोड़ने के लिए वर्ष 2008-09 में शासन की ओर से मारवाड़ी-थैंग सड़क को स्वीकृति दी गई। वर्ष 2009 में यहां पीएमजीएसवाई की ओर से सड़क निर्माण कार्य शुरू किया गया, लेकिन आज तक सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ। ग्रामीणों ने निर्माणदायी संस्था पर मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जांच की मांग उठाई। शुक्रवार को उत्तराखंड ग्रामीण सड़क अभिकरण के मुख्य अभियंता केके श्रीवास्तव ने मारवाड़ी-थैंग सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने थौली नाले पर निर्माणाधीन पुल के काम में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। वहीं सड़क पर मानकों के अनुसार हिल कटिंग कार्य न होने पर अधिकारियों को डांट लगाई। मुख्य अभियंता ने अधिकारियों और निर्माणदायी संस्था को तीन माह में सड़क निर्माण कार्य पूरा करने के आदेश दिए। इस मौके पर सभी विभागीय अधिकारी मौजूद थे।