श्रीनगर। पौड़ी जिले के खोला, डांग-ऐठाणा के जंगलों में दो दिन बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। अब श्रीकोट गंगानाली और सरणा के जंगलों में भी आग धधक उठी है। इधर, कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत ने भी दावानल पर चिंता जताते हुए जिलाधिकारी से मामले पर वार्ता की बात कही है।
इस बार फरवरी माह से पौड़ी और टिहरी जिले के जंगल कई बार आग में जल चुके हैं। श्रीनगर तहसील मुख्यालय और रेंज ऑफिस से कुछ दूर खोला, डांग व ऐठाणा के जंगल दो दिन से आग में जल रहे हैं। खोला में आग बस्ती के समीप पहुंची, तो लोगों ने खुद आग बुझायी। डांग-ऐठाणा गांव के ऊपर अभी भी जंगलों से धुआं उठ रहा है। सांपला निवासी प्रमोद बमराड़ा ने बताया कि गिरगांव व देलचौरी के जंगल कई बार आग में खाक हो गए हैं। इसके बावजूद विभाग प्रभावी कदम नहीं उठा रहा है। वहीं खंडाह श्रीकोट, असनोली, पीपलकोटी, बछेली व छतकोट में तीन दिन तक जंगल आग में जलते रहे। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य कमल रावत का कहना है, कि ग्रामीणों ने स्वयं आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वन विभाग की टीम वक्त पर आग बुझाने नहीं पहुंचती। इधर, रेंजर आरएस नेगी ने बताया कि टीम आग बुझाने में लगी हुई है।