श्रीनगर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का एक दिवसीय सम्मेलन में ‘चलो गांव की ओर’ विषय पर चर्चा की गई। सम्मेलन में कहा गया कि गांवों के विकास से ही देश का विकास है। सम्मेलन में गढ़वाल क्षेत्र के करीब 150 से अधिक कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया।
शुक्रवार को स्थानीय गुरुद्वारा सभागार में गांव तीर्थ से कम नहीं, असली भारत दर्शन यहीं थीम पर सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अभाविप के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रो. अरुण बहुगुणा ने कहा कि गांवों का विकास ही देश का विकास है। प्रत्येक कार्यकर्ता को गांव से जुड़कर ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण में अहम भूमिका निभानी होगी। प्रदेश मंत्री सुधीर जोशी ने बताया कि अभाविप के सामाजिक अनुभूति अभियान के तहत कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव जाकर ग्रामीणों से संवाद किया था, जिसके आधार पर प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। कहा कि इन्हें जल्द ही सरकार को भेजा जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश संगठन मंत्री प्रदीप शेखावत, डा. देवेंद्र राणा, सर्वेश चौधरी, शैलेष मलासी, भान सिंह नेगी आदि मौजूद थे।