कर्णप्रयाग/थराली।
थराली उपचुनाव प्रक्रिया के तहत सोमवार को नाम वापसी की तिथि को किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया है। ऐसे में इस सीट के लिए नामांकन दाखिल करने वाले सभी पांच प्रत्याशी मैदान में हैं। यहां 28 मई को मतदान और 31 मई को मतगणना होगी। सोमवार को चुनाव चिह्न मिलने के बाद अब विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार अभियान तेजी से चलेगा।
निर्वाचन अधिकारी परमानंद राम ने बताया कि दस मई को नामांकन के अंतिम दिन कांग्रेस के डा. जीतराम, भाजपा की मुन्नी देवी, यूकेडी के कस्बीलाल शाह सहित नौ मई को माकपा के कुंवर राम और निर्दलीय बीरीराम ने नामांकन कराया था। नामांकन प्रपत्रों की जांच में सभी प्रपत्र सही पाए गए। 14 मई को निर्धारित नाम वापसी की तिथि पर किसी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया।
इंसेट
कई पार्टियों ने उपचुनाव से किया परहेज
कर्णप्रयाग। थराली विधानसभा के उपचुनावों में कई दलों ने चुनाव लड़ने से परहेज किया है। इस बार यहां महज 5 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि वर्ष 2012 में यहां सपा, बसपा, एनसीपी, जद (यू) सहित अन्य दलों और निर्दलीय मिलाकर कुल 14 उम्मीदवार मैदान में थे। वर्ष 2017 में यहां प्रजामंडल पार्टी सहित 9 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा, लेकिन इस बार हो रहे उपचुनावों में केवल माकपा और यूकेडी के प्रत्याशियों ने ही नामांकन कराया। निर्दलीय के तौर पर महज एक प्रत्याशी चुनाव मैदान में है।
दो पेटी शराब के साथ एक पकड़ा
देवाल। चुनाव ड्यूटी में तैनात निर्वाचन आयोग की टीम ने हाटकल्याड़ी में दो पेटी अवैध शराब के साथ एक को पकड़ा। टीम लीडर और सिंचाई विभाग के ईई बीके मौर्य ने बताया कि चेकिंग के दौरान सवाड़ के नंदन सिंह से दो पेटी अवैध शराब बरामद की गई, जिसे पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस थानाध्यक्ष एसबी जोशी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।