ब्यूरो/अमर उजाला,डोईवाला।
शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज डोईवाला के मनोविज्ञान विभागीय परिषद की ओर से आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को कॉलेज प्राचार्य डॉ. एमसी नैनवाल ने पुरस्कृत किया। इस दौरान विभाग की ओर से प्राथमिक उपचार प्रकोष्ठ को भी शुरू किया गया। समारोह में कॉलेज प्राचार्य डॉ. एमसी नैनवाल ने पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम आने वाली भारती वर्मा, स्लोगन की अंजना तोमर और निबंध प्रतियोगिता की भारती को प्रमाण-पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि असफलताओं से छात्र को कभी घबराना नहीं चाहिए। कहा कि लक्ष्यगामी विद्यार्थी को सफलता निश्चित रूप से मिल जाती है। मनोविज्ञान प्रभारी डॉ. सविता के तिवारी ने विभागीय परिषद की रिपोर्ट पढ़कर सुनाई। कॉलेज प्राचार्य ने प्राथमिक उपचार प्रकोष्ठ का शुभारंभ करते हुए बताया कि प्रकोष्ठ कॉलेज में किसी भी प्रकार की दुघर्टना और अन्य परिस्थितियों में प्राथमिक उपचार देने की पहल करेगा। कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी डॉ. केएल तलवाड़, डॉ. डीएस नेगी, डॉ. पूनम पाठक, अरुणा सूत्राधर, डॉ. कंचन सिंह, डॉ. अंजलि वर्मा, डॉ. एसके कुडियाल, डॉ. राकेश नौटियाल, शोभा गोस्वामी आदि मौजूद रहे थे।