ब्यूरो/अमर उजाला,मुनिकीरेती ।
मुनिकीरेती और ढालवाला क्षेत्र में पानी का संकट गहराने लगा है। लोगों को घरेलू कामकाज के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। क्षेत्र में पानी की समस्या को देखते हुए भाजपा युवा मोर्चा मुनिकीरेती मंडल ने राज्य सरकार से स्थायी समाधान की मांग की है। बताया कि इस क्षेत्र में हजारों परिवार निवासरत हैं, जिन्हें जल संस्थान ऋषिकेश सब डिवीजन की ओर से पेयजल सप्लाई किया जाता है। जलापूर्ति सुचारु नहीं होने से लोगों को बूंद-बूंद पानी के लिए मोहताज होना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को प्रेषित ज्ञापन में मोर्चा मंडल अध्यक्ष आशीष कुकरेती ने बताया कि नगर पालिका मुनिकीरेती के अंतर्गत चौदहबीघा, ढालवाला, कैलासगेट आदि इलाकों में इन दिनों लोगों को पेयजल समस्या से जूझना पड़ रहा है। जलापूर्ति व्यवस्था सुचारु नहीं होने से लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
बताया गया कि समस्या के समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों को लिखित शिकायत दी जा चुकी है, मगर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे हजारों परिवार जल संकट से त्रस्त हैं। मांग करने वालों में अनिल बडोला, रमाबल्लभ भट्ट, भगवती प्रसाद भट्ट, राकेश सेंगर, सौरभ गौड़, अभिषेक शर्मा, अनिल रतूड़ी, अमित आदि शामिल हैं।