ब्यूरो/अमर उजाला,रायवाला।
भागीरथी विद्यालय हरिपुरकलां में चार दिवसीय वार्षिकोत्सव आध्यात्मिक प्रस्तुतियों के साथ विधिवत शुरू हो गया। इस मौके पर लोगों ने विद्यालय परिसर में आयोजित सप्ताहव्यापी श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण भी किया। देर शाम को हरिपुरकलां स्थित भागीरथी विद्यालय में संस्थापक तारा मां ने दीप प्रज्ज्वलित कर वार्षिकोत्सव का विधिवत किया। इस अवसर पर आध्यात्मिक प्रस्तुतियां दी गई। बाल कलाकारों ने भागवत कथा के गीत और नृत्य के तौर पर प्रस्तुति दी। साथ ही शिव तांडव की प्रस्तुति दी गई।
शिव विवाह की सुंदर झांकियों का दर्शन कर दर्शक भाव विभोर हो गए। इस दौरान स्कूली बच्चों की प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा। इससे पूर्व परिसर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन कथावाचक श्री कांत शास्त्री ने बताया कि भागवत कथा श्रवण करने से आत्मज्ञान की प्राप्ति होती है। मौके पर मुख्य ट्रस्टी मंजू तेजवानी, उप प्रधानाचार्य रेनू खन्ना, चेयरमैन बाल गोपाल, प्रधानाचार्य पुष्पा कोटवानी आदि मौजूद थे।