गौहरीमाफी में गुलदार ने महिला को मार डाला
ब्यूरो/अमर उजाला
रायवाला (ऋषिकेश)।
राजाजी टाईगर रिजर्व की मोतीचूर रेंज में आदमखोर गुलदार ने बुधवार को एक महिला को निवाला बना लिया। वह ऋषिकेश जाने के लिए गौहरीमाफी-सत्यनारायण मंदिर वन मोटर मार्ग से गुजर रही थी। इस दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे गुलदार ने महिला हमला कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब एक घंटे तक हंगामा किया। वन अधिकारी के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए। एक पखवाड़े में यह दूसरी घटना है, जिससे क्षेत्र में दहशत है।
मूल रूप से टिहरी गढ़वाल के दोगी पट्टी के कर्मा गांव निवासी संपत्ति देवी (60) वर्ष पत्नी कुंदन लाल गैरोला गौहरीमाफी में अपने बेटे के साथ किराए पर रहती थीं। बुधवार सुबह संपत्ति देवी एक अन्य महिला के साथ गौहरीमाफी से वन मोटर मार्ग से होकर सत्य नारायण मंदिर जा रही थीं। गांव से करीब 100 मीटर दूर जंगल में अचानक बाघ ने उन पर हमला कर दिया। वह संपत्ति देवी को दबोचकर जंगल में भाग गया। दूसरी महिला ने किसी तरह भागकर जान बचाई और गांव पहुंचकर ग्रामीणों को गुलदार के हमले की जानकारी दी।
ग्रामीणों ने तुरंत वनकर्मियों को सूचना दी। इसके बाद गौहरी रेंज कर्मियों और ग्रामीणों ने महिला की तलाश की। घंटों खोजबीन के बाद महिला का शव वन मोटर मार्ग से करीब 100 मीटर अंदर जंगल में क्षत-विक्षत हालत में पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए वाहन में रख दिया। तभी घटना से आक्रोशित ग्रामीणों की भीड़ ने वाहन को घेर लिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में गुलदार के हमले बढ़ रहे हैं। बावजूद इसके सरकार, प्रशासन और राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क इस पर नहीं दे रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों की सुरक्षा के प्रबंध करने की मांग की। करीब घंटेभर तक हंगामा होता रहा। मौके पर पहुंचे राजाजी टाइगर रिजर्व के वन्यजीव प्रतिपालक वार्डन प्रदीप कुमार ने मृतका के परिवार को मुआवजा, वन मोटर मार्ग पर सोलर लाइट लगाने, ऊर्जा तारबाड़ लगाने और अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती का आश्वासन दिया। इस पर ग्रामीण शांत हो गए। इसके बाद ही शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया जा सका।