गौचर। पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि थराली विधानसभा उपचुनाव में इस बार भाजपा के सवा साल के कार्यकाल की तुलना में कांग्रेस विधायक डा. जीतराम के किए गए कार्य भारी पड़ेंगे। कहा कि इस विधानसभा सीट पर कांग्रेस का रिकार्ड अच्छा रहा है और यहां लोग जीरो टॉलरेंस की जुमले वाली सरकार को इस बार जवाब देंगे।
कांग्रेस प्रत्याशी की ओर से दस मई को होने वाली नामांकन प्रक्रिया के लिए यहां पहुंचे पूर्व सीएम ने पत्रकार वार्ता में कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में चमोली जिले में रिकार्ड विकास कार्य हुए हैं। कहा बृहस्पतिवार को जब थराली में जनसभा होगी तो हम अपनी सरकार के सैकड़ों विकास कार्य गिना सकते हैं। जबकि सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत जीरो टॉलरेंस के जुमले के अलावा कोई अन्य काम नहीं गिना सकते। पूर्व सीएम ने कहा कि दिल्ली और देहरादून की सरकारें ऑल वेदर रोड के नाम पर ठेकेदार प्रोजेक्ट पर काम कर रही हैं, जिससे यात्रा असुरक्षित और असुविधाजनक बनी है। कहा कि थराली विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी भारी बहुमत से विजयी रहेगा और भाजपा की टूट का कांग्रेस को पूरा फायदा मिलेगा। इस अवसर पर राज्य सभा सांसद प्रदीप टम्टा, विधायक मनोज रावत, पृथ्वीपाल सिंह चौहान आदि मौजूद थे।