देवाल। आबकारी विभाग की ओर से विगत वर्ष देवाल बाजार से हटाई गई अंग्रेजी शराब की दुकान को फिर से ब्लॉक मुख्यालय में शिफ्ट किए जाने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने विरोध जताया है।
क्षेत्र पंचायत प्रमुख उर्मिला बिष्ट, व्यापारी रणजीत सिंह ने डीएम को ज्ञापन देते हुए कहा कि विगत वर्ष ब्लॉक मुख्यालय से अंग्रेजी शराब की दुकान को हटाने के लिए महिलाओं और स्थानीय लोगों की ओर से 68 दिन तक आंदोलन किया था, जिसको लेकर प्रशासन और आंदोलनकारियों के मध्य 14 जून 2017 को हुए लिखित समझौते के बाद शराब की दुकान को बाजार से एक किमी दूर पूर्णा में खोली गई थी। लेकिन मंगलवार को आबकारी विभाग और संचालकों की मिलीभगत से शराब की दुकान को फिर से देवाल बाजार में खोलने की प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द बाजार से अंग्रेजी शराब की दुकान को नहीं हटाया गया, तो आंदोलन किया जाएगा।