ब्यूरो/ अमर उजाला, ऋषिकेश।
टिहरी प्रशासन ने नेशनल हाईवे श्रीनगर डिवीजन को बदरीनाथ राजमार्ग पर तपोवन सराय के आसपास चिह्नित अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं। बताया कि कब्जों के हटने से क्षेत्र में भीड़भाड़ के समय लगने वाले जाम से पर्यटकों को निजात मिलेगी। मंगलवार को उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर लक्ष्मीराज चौहान ने तपोवन क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने तपोवन सराय तिराहे पर चिह्नित अतिक्रमण को हटाने के लिए एनएच डिवीजन के सहायक अभियंता मृत्युंजय शर्मा को कहा।
बताया कि नेशनल हाईवे डिवीजन बदरीनाथ राजमार्ग पर तपोवन सराय के आसपास चिह्नित किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई बुधवार से शुरू करेगा। गौरतलब है कि क्षेत्र में अक्सर पर्यटक वाहनों का दबाव बना रहता है। अनधिकृत कब्जों के कारण अत्यधिक संकरे हो चुके तिराहे पर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे बदरीनाथ राजमार्ग और लक्ष्मणझूला क्षेत्र में आने जाने वाले पर्यटकों का समस्या से जूझना पड़ता है।