जोशीमठ। 418 इंजीनियरिंग कोर की 25 सदस्यीय टीम बुधवार को हेमकुंड यात्रा के पैदल मार्ग से बर्फ हटाने के लिए रवाना हो गई है। टीम बृहस्पतिवार से बर्फ हटाने का कार्य शुरू करेगी। सेना की टीम के साथ गोविंदघाट गुरुद्वारे के बीस सेवादार भी घांघरिया पड़ाव के लिए रवाना हो गए हैं।
हेमकुंड साहिब और लक्ष्मण लोकपाल के कपाट आगामी 25 मई को ग्रीष्मकाल के खुलने हैं। जिला प्रशासन और गुरुद्वारा प्रबंधन की ओर से इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई है। सेना के जवान पैदल यात्रा मार्ग पर अटलाकुड़ी से हेमकुंड साहिब तक बर्फ हटाने का काम करेंगे। बुधवार को टीम घांघरिया में रात्रि विश्राम के बाद बृहस्पतिवार से कार्य शुरू करेगी। गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के प्रबंधक सेवा सिंह ने बताया कि गुरुद्वारे के सेवादारों को घांघरिया और हेमकुंड गुरुद्वारे में यात्रा तैयारियां शुरू करने का जिम्मा दिया गया है।