ब्यूरो/अमर उजाला, मुनिकीरेती ।
निशुल्क शिक्षण संस्थान उड़ान स्कूल की ओर से आयोजित कार्यक्रम में लिटिल सुपर मॉडल वैष्णवी जोशी को सम्मानित किया गया। मंगलवार को मायाकुंड स्थित संस्थान परिसर में मिस लिटिल स्टाइल का खिताब हासिल कर चुकी पौड़ी के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित उड्डा गांव निवासी सात वर्षीय वैष्णवी जोशी को स्कूल के निदेशक डॉ. राजे नेगी ने स्मृति चिह्न भेंट किया। इस मौके पर वैष्णवी जोशी ने विद्यालय में अध्ययनरत गरीब पृष्ठभूमि के बच्चों को पाठ्य सामग्री वितरित की।
डॉ. राजे नेगी ने बताया कि कि हाल में वैष्णवी ने अपना नाम मॉडलिंग के क्षेत्र में बुक ऑफ अचीवर में दर्ज कराकर नया कीर्तिमान हासिल किया है। इसी वर्ष वैष्णवी को बंगलूरू में फोग फैशन स्टूडियो का ब्रांड एंबेसडर बनाया जा चुका है। बताया कि लिटिल मॉडल वैष्णवी जून माह में बंगलूरू में होने वाले किड्स आइकॉन कांटेस्ट में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस अवसर पर अनुज जोशी, प्रिया बिष्ट, रमेश लिंगवाल, उत्तम सिंह असवाल, रवप्रीत छावड़ा, शैलेंद्र साहनी, अजय भटनागर, प्रियंका कुकरेती, प्रिया क्षेत्री, देवेंद्र जोशी, आशुतोष कुड़ियाल आदि मौजूद थे।