असहनीय हुई दुर्गंध, सांस रोगी बना रही
ब्यूरो/अमर उजाला
सेलाकुई।
शीशमबाड़ा स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट से उठ रही दुर्गंध के विरोध में ग्रामीण लामबंद हो रहे हैं। सोमवार को लोगों ने प्लांट के गेट के बाहर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। दुर्गंध बंद न होने पर दो मई को सचिवालय कूच की चेतावनी दी। इसके बाद भी मांग न मानी तो तीन मई से कूड़ा लेकर पहुंचने वाले वाहनों को रोका जाएगा।
जन संघर्ष नागरिक समिति के बैनर तले ज्वाला मंदिर प्रांगण से शुरू हुई नगर निगम प्रशासन के प्रतीक की शव यात्रा राजा रोड तिराहा, धूलकोट तिराहा होते हुए प्लांट पर पहुंच संपन्न हुई। समिति के संयोजक पारस थापा ने कहा कि प्लांट से उठ रही दुर्गंध असहनीय हो रही है, सभी लोग इससे परेशान हैं। लोग सांस संबंधी बीमारी के रोगी बन रहे हैं। शिकायत के बाद भी नगर निगम प्रशासन दुर्गंध पर रोक नहीं लगा सका है। इसके विरोध में दो मई को मांग के समर्थन में सचिवालय कूच किया जाएगा। इसके बाद भी यदि मांग पूरी नहीं होती तो कूड़ा निस्तारण केंद्र में पहुंचने वाली गाड़ियों को बलपूर्वक रोका जाएगा।
प्रदर्शन करने वालों में शीशमबाड़ा कचराघर हटाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष अमित अग्रवाल, बायाखाला संघर्ष समिति के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार, रविंद्र भट्ट, सरिता, विमला, बबीता आदि शामिल रहे।