जोशीमठ। प्रशासन हेमकुंड साहिब यात्रा की तैयारियों में जुट गया है। शुक्रवार को उप जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने गोविंदघाट में सभी विभागीय अधिकारियों की बैठक ली और 10 मई तक यात्रा रूट में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। बता दें कि सिखों के प्रसिद्ध तीर्थ हेमकुंड साहिब के कपाट आगामी 25 मई को ग्रीष्मकाल के खोल दिए जाएंगे।
गोविंदघाट गुरुद्वारे में हुई बैठक में एसडीएम ने पैदल यात्रा मार्ग की स्थिति की जानकारी लेने के साथ ही यात्रा मार्ग पर पेयजल, विद्युत सहित अन्य सुविधाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने जिला पंचायत के अधिकारियों को सभी घोड़ा, खच्चर, कंडी, पालकी संचालकों का पंजीकरण करवाने को कहा, साथ ही जिला पंचायत को रेट लिस्ट भी चस्पा करने के आदेश दिए। होटल संचालकों को पहचान पत्र सत्यापन के बाद ही कमरे उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में हेमकुंड गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के प्रबंधक सेवा सिंह सहित सभी विभागीय अधिकारी मौजूद थे। ब्यूरो