ब्यूरो/अमर उजाला,रायवाला।
गौहरीमाफी में पक्के तटबंध की मांग को लेकर ग्रामीणों का बेमियादी धरना-प्रदर्शन और क्रमिक अनशन रविवार को भी जारी रहा। एक सूत्रीय मांग की अनदेखी से आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार को क्षेत्रीय विधायक और विधानसभा अध्यक्ष के आवास के घेराव का ऐलान किया है। देवभूमि जन संघर्ष मोर्चा की अगुवाई में बाढ़ सुरक्षा कार्य शुरू कराए जाने की मांग को लेकर ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना रविवार को 108 वें दिन भी जारी रहा। इस अवसर पर 80वें दिन महिपाल रांगड़, जगदीश प्रसाद नौटियाल, डबल सिंह नेगी, भगवान सिंह बिष्ट व सूरत सिंह चौहान क्रमिक अनशन पर बैठे।
इस अवसर पर मोर्चा के अध्यक्ष संजय पोखरियाल ने सरकार, जिला प्रशासन व क्षेत्रीय विधायक पर आंदोलन की अनदेखी का आरोप लगाया है। बताया कि बरसात का सीजन निकट आने से लोगों को बाढ़ का भय फिर से सताने लगा है, मगर सरकार व प्रशासन ग्रामीणों के बाढ़ सुरक्षा उपायों की मांग को लेकर किए जा रहे आंदोलन पर चुप्पी साधे हुए हैं। आरोप लगाया कि सौ दिन से अधिक समय से लगातार जारी धरना प्रदर्शन और क्रमिक अनशन के जरिए लोकतांत्रिक तरीके से मांग की जा रही है, मगर किसी स्तर पर कोई सुनवाई नहीं हो रही। इस अवसर पर मेहरबान सिंह रावत, गुलाब सिंह, सुंदरा जोशी, चंद्रमा जोशी, सुरजी भंडारी, कमला सेमवाल, शांता कंडियाल आदि मौजूद थे।