गोपेश्वर। जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार को घाट ब्लॉक के धुर्मा गांव में जन शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी आशीष जोशी ने ग्रामीणों की 22 समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए।
शिविर में ग्राम प्रधान धुर्मा ने धुर्मा-कुंडी मोटर मार्ग निर्माण से प्रभावितों ग्रामीणों को मुआवजा भुगतान, कुंडी मोटर मार्ग के डामरीकरण व पुलिया निर्माण, स्यार-बाखा गधेरे में सुरक्षा दीवार निर्माण, गांव में पेयजल एवं विद्युत, पंचायत घर निर्माण, मोहिंग तोक में पेयजल समस्या के निराकरण, राउमावि मोख में पेयजल की सुचारु आपूर्ति, चिकित्सालय मोख में सफाई कर्मचारी की नियुक्ति की मांग उठाई। क्षेत्र पंचायत सदस्य केवल सिंह नेगी ने धुर्मा, बासवाडा से सेरा तक नन्दाकिनी नदी पर बाढ़ सुरक्षा दीवार बनाने, जीआईसी मोख के विद्यालय भवन की चहारदीवारी तथा खेल मैदान निर्माण की मांग उठाई। इस मौके पर माखन लाल, एसडीएम परमानंद राम, नायब तहसीलदार बच्ची लाल, प्रधान मंगल सिंह नेगी, मनवर सिंह रावत, बलवीर सिंह, महिलपाल रावत और यशवंत सिंह आदि मौजूद थे।