ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
क्षेत्रीय विधायक व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने बैराज रोड स्थित कैंप कार्यालय में विधानसभा अध्यक्ष विवेकाधीन कोष से 100 जरूरतमंद लोगों को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए। उन्होंने लोगों को स्वरोजगार स्थापित कर स्वावलंबन के लिए प्रेरित किया। बृहस्पतिवार को आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष अग्रवाल ने करीब 100 गरीब, बीमार व जरूरतमंद लोगों को आर्थिक सहायता के तौर पर पांच लाख के चेक बांटे।
उन्होंने कहा कि आर्थिक सहायता राशि जीवनयापन के लिए पर्याप्त नहीं होती है। इसलिए लोगों को आर्थिक दिक्कतों से निपटने के लिए स्वरोजगार को अपनाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने लोगों को स्वावलंबी बनने के लिए कृषि, पशुपालन व लघु उद्योग से जुड़ने की सलाह दी। साथ ही इस दौरान लोगों को केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र नेगी, कृष्ण कुमार सिंघल, सुमित पंवार, अनीता प्रधान, कविता शाह, अरविंद चौधरी आदि मौजूद थे।